विशेष डेस्क
महाराष्ट्र के अमरावती जिले से एक बेहद गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक 19 वर्षीय युवक पर नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण करने और उनके वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच तेज कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान अयान अहमद तनवीर अहमद के रूप में हुई है, जिसे मंगलवार को गिरफ्तार किया गया और 21 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
यह मामला अमरावती के परतवाड़ा और अचलपुर इलाके से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि करीब 100 अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं, जिनमें नाबालिग लड़कियां जबरन दिखाई दे रही हैं। पुलिस को शक है कि इन वीडियो को बनाने में आरोपी के साथ कोई और भी शामिल हो सकता है। जांच में सामने आया है कि आरोपी लड़कियों को पहले दोस्ती और रिश्ते का झांसा देता था, फिर उनका शारीरिक शोषण करता और उनकी मर्जी के बिना वीडियो रिकॉर्ड करता था। बाद में इन्हीं वीडियो के जरिए उन्हें डराकर ब्लैकमेल किया जाता था।
यह मामला तब सामने आया जब राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे और बीजेपी प्रवक्ता शिवराय कुलकर्णी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिए कई लड़कियों को फंसाकर उनका शोषण कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है और साइबर सेल वायरल वीडियो को हटाने की प्रक्रिया में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक किसी पीड़िता या उसके परिवार ने सामाजिक डर के कारण औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस ने सभी से आगे आने की अपील की है। इस मामले में पुलिस ने एक और आरोपी उजेर खान इकबाल खान को भी गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि उसने मुख्य आरोपी के मोबाइल से वीडियो डाउनलोड कर उन्हें सोशल मीडिया पर तेजी से फैलाया।
पुलिस के अनुसार, करीब 100 वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए गए, जिससे मामला और गंभीर हो गया। दूसरे आरोपी से पूछताछ के बाद इस पूरे नेटवर्क के बारे में और जानकारी मिलने की उम्मीद है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस मामले में और कितने लोग शामिल हैं और वीडियो कितने बड़े स्तर पर फैलाए गए। दावा किया जा रहा है कि इस मामले में 100 से ज्यादा लड़कियां प्रभावित हो सकती हैं, जबकि कुछ दावे 180 लड़कियों और 350 वीडियो तक की बात कर रहे हैं। पुलिस ने अभी तक 8 पीड़ितों की ही पुष्टि की है।