
ग्लोबल डेस्क
ऑस्ट्रेलिया दुनिया का पहला देश बन गया है जिसने 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कर दिया है। मंगलवार आधी रात से यह कानून प्रभावी हो गया, जिसके तहत टिकटॉक, यूट्यूब, इंस्टाग्राम और फेसबुक सहित प्रमुख प्लेटफॉर्म बच्चों के लिए पूरी तरह ब्लॉक कर दिए जाएंगे।
नए कानून के अनुसार देश के दस सबसे बड़े डिजिटल प्लेटफॉर्मों को यह सुनिश्चित करना होगा कि 16 वर्ष से कम उम्र का कोई भी बच्चा इन सेवाओं का उपयोग न कर सके। नियमों का उल्लंघन करने पर कंपनियों को 3.3 करोड़ डॉलर तक का भारी जुर्माना देना पड़ सकता है।
इस सख्त कदम की टेक कंपनियों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के समर्थकों ने आलोचना की है, जबकि माता–पिता और बाल अधिकार संगठनों ने इसका स्वागत किया है। उनका मानना है कि यह फैसला बच्चों को ऑनलाइन शोषण, लत और हानिकारक सामग्री से बचाने के लिए आवश्यक है।
बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर दुनिया के कई अन्य देश भी इस तरह के कड़े उपायों पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं।