सरल डेस्क
ईरान की राजधानी तेहरान में गुरुवार रात करीब 8 बजे हुए इजरायली हमले के बाद पाकिस्तान बुरी तरह भड़क गया है। इस हमले का असर पाकिस्तानी दूतावास के आसपास के इलाके में भी महसूस किया गया, जिसके बाद पाकिस्तान ने इजरायल को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि वह कतर नहीं है जो चुपचाप हमले सह लेगा, बल्कि हर कार्रवाई का तगड़ा जवाब दिया जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार, इजरायल ने तेहरान में कई ठिकानों पर बड़े हमले किए, जिनमें से एक हमला पाकिस्तानी दूतावास और राजदूत के आवास के बेहद करीब हुआ। हमले के दौरान जोरदार धमाके और कंपन से पूरा इलाका हिल गया, जिससे आसपास की इमारतों में हलचल मच गई।
हालांकि शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तानी दूतावास को सीधे तौर पर निशाना नहीं बनाया गया और सभी पाकिस्तानी राजनयिक व स्टाफ सुरक्षित हैं। दूतावास की खिड़कियों के कांच भी सलामत बताए जा रहे हैं, लेकिन आसपास की इमारतें हमलों की वजह से बुरी तरह हिल गईं और लोगों में दहशत फैल गई।
पाकिस्तान का इजरायल को चेतावनी
इस घटना के बाद पाकिस्तान ने कड़ा रुख अपनाते हुए इजरायल को चेतावनी दी है। पाकिस्तान का कहना है कि अगर उसके राजनयिकों या दूतावास को कोई नुकसान पहुंचा तो वह चुप नहीं बैठेगा और अंतरराष्ट्रीय मंच पर इस मुद्दे को उठाएगा। पाकिस्तान ने इजरायल पर क्षेत्र में तनाव बढ़ाने का आरोप लगाया है और कहा है कि ऐसे हमले मध्य-पूर्व की स्थिरता के लिए खतरा हैं।
इजरायल और पाकिस्तान के बीच बयानबाजी
विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान और इजरायल के बीच बढ़ता तनाव अब दूसरे देशों को भी प्रभावित करने लगा है। पाकिस्तान की तीखी प्रतिक्रिया से साफ है कि वह इस मामले को गंभीरता से ले रहा है और आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस मुद्दे पर बहस तेज हो सकती है। फिलहाल स्थिति पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है और यह देखना अहम होगा कि इजरायल और पाकिस्तान के बीच इस बयानबाजी का असर क्षेत्रीय राजनीति पर क्या पड़ता है।