स्पेशल डेस्क
आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर चल रहा बांग्लादेश और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के बीच विवाद आखिरकार खत्म हो गया है। लेकिन यह विवाद बांग्लादेश के लिए भारी पड़ गया। ICC ने आधिकारिक तौर पर बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया है और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल करने की पुष्टि कर दी है।
आईसीसी ने इस फैसले की जानकारी बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को एक आधिकारिक पत्र के जरिए दी। बांग्लादेश की टीम अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा नहीं ले पाएगी। बांग्लादेश के बाहर होने के बाद स्कॉटलैंड को ग्रुप C में शामिल किया गया है, जहां उसे इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, नेपाल और इटली जैसी टीमों से मुकाबला करना होगा।
आईसीसी की स्वतंत्र सुरक्षा रिपोर्ट
दरअसल, पिछले करीब तीन हफ्तों से बांग्लादेश और आईसीसी के बीच खींचतान चल रही थी। बांग्लादेश ने साफ कहा था कि वह भारत में अपने वर्ल्ड कप मैच नहीं खेलेगा और मैचों को श्रीलंका या पाकिस्तान में कराने की मांग कर रहा था। बांग्लादेश ने खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी, लेकिन आईसीसी की स्वतंत्र सुरक्षा रिपोर्ट में खतरे का स्तर कम से मध्यम बताया गया।
आईसीसी बोर्ड में इस मुद्दे पर वोटिंग कराई गई, जहां 14-2 के बहुमत से भारत में ही बांग्लादेश के मैच कराने का फैसला लिया गया। इसके बावजूद बांग्लादेश अपने फैसले पर अड़ा रहा। नियमों का उल्लंघन करने पर आखिरकार आईसीसी ने सख्त रुख अपनाते हुए बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।