प्रकाश मेहरा
क्राइम डेस्क
गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-9 में रहने वाले 22 वर्षीय छात्र जतिन कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, जतिन पिछले कई वर्षों से मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET की तैयारी कर रहा था। वह 21 जून को आयोजित होने वाली पुनर्परीक्षा में शामिल होने की तैयारी कर रहा था। परिजनों के मुताबिक गुरुवार रात वह अपने कमरे में पढ़ाई करने गया था। शुक्रवार सुबह परिवार के लोगों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को छात्र के मोबाइल फोन से करीब एक मिनट का वीडियो संदेश मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वीडियो में जतिन ने कहा है कि वह किसी के दबाव में नहीं था और अपने निर्णय के लिए स्वयं जिम्मेदार है। उसने अपने पिता के सहयोग और प्रोत्साहन का भी उल्लेख किया है।
मृतक के पिता राजेश कुमार खाद्य विभाग में इंस्पेक्टर हैं और वर्तमान में सहारनपुर में तैनात हैं। जतिन अपनी मां और छोटी बहन के साथ गाजियाबाद में रहता था। परिवार का कहना है कि उस पर पढ़ाई को लेकर किसी प्रकार का दबाव नहीं था।
एसीपी उपासना पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई करेगी।