सरल डेस्क
गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र स्थित भारत सिटी सोसायटी में तीन नाबालिग बहनों की आत्महत्या के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी स्थानीय निवासियों का जमावड़ा लगा रहा। घटना के बाद सोसायटी में भय का माहौल है और कई बच्चे आज स्कूल भी नहीं गए।
इस मामले में मृतक बच्चियों के पिता चेतन कुमार ने मीडिया से बातचीत करते हुए गहरा पछतावा जताया और सरकार से कोरियन कंटेंट पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि देश में कोरियन ड्रामा, वेब सीरीज, वीडियो, चैनल और ऑनलाइन गेमिंग जैसे कंटेंट पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए ताकि किसी और बच्चे को इसकी लत न लगे।
पिता बोले— “मोबाइल देना मेरी गलती थी”
चेतन कुमार ने कहा, “मेरे बच्चों के अलावा किसी और के बच्चे को इसकी लत न पड़े। बच्चों को मोबाइल उपलब्ध कराना मेरी गलती थी। फोन के जरिए वह कोरियन पर्सनैलिटी से जुड़े।” उन्होंने आगे कहा कि उनकी बेटियों के सुसाइड के लिए जिम्मेदार “केवल कोरियन सामग्री” है। साथ ही उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों पर ध्यान दें।
सुसाइड नोट में लिखा— ‘कोरियन कल्चर के बिना नहीं रह सकते’
जानकारी के अनुसार, बच्चियों ने सुसाइड नोट में लिखा कि वे कोरियन कल्चर से प्यार करती हैं और उसके बिना नहीं रह सकतीं। उन्होंने पिता से कोरिया जाने की इच्छा भी जताई थी, लेकिन पिता ने उन्हें डांट दिया था। बताया जा रहा है कि बच्चियों को कोरियाई कंटेंट और ऑनलाइन गेमिंग देखने की लत थी। करीब दो हफ्ते पहले जब पिता ने उनका मोबाइल ले लिया, तो तीनों तनाव में रहने लगीं।
नौवीं मंजिल से कूदकर दी जान
यह दर्दनाक घटना मंगलवार देर रात करीब 2 बजे हुई, जब तीनों नाबालिग बहनों ने इमारत की नौवीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार देर रात दिल्ली के निगम बोध घाट पर तीनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पुलिस जांच जारी, फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
घटना के बाद पुलिस लगातार जांच कर रही है। बृहस्पतिवार को पुलिस टीम एक बार फिर पूछताछ के लिए चेतन कुमार के घर पहुंची है। साथ ही पुलिस द्वारा कब्जे में लिए गए बच्चियों के मोबाइल की फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट भी आज आने की संभावना है। इससे मामले में कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।