
स्पेशल डेस्क
बिहार में हाल ही में गठित नई नीतीश कुमार सरकार ने कानून-व्यवस्था को सख्ती से दुरुस्त करने के लिए उत्तर प्रदेश के ‘योगी मॉडल’ को अपनाने का संकेत दिया है। उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने पदभार संभालते ही अपराधियों, माफियाओं और महिलाओं के उत्पीड़कों पर कड़ा प्रहार करने के कई बड़े ऐलान किए हैं। इनमें बुलडोजर एक्शन, एंटी रोमियो स्क्वाड का गठन, और अपराध से अर्जित संपत्ति की जब्ती प्रमुख हैं। आइए, पूरी रिपोर्ट को विस्तार में एग्जीक्यूटिव एडिटर प्रकाश मेहरा से समझते हैं
बुलडोजर एक्शन का शुभारंभ क्या है प्लान ?
गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने स्पष्ट कहा है कि “कोर्ट के आदेश के बाद अपराधियों के अवैध निर्माणों और घरों पर बुलडोजर चलाया जाएगा। यह कार्रवाई संगठित अपराध, माफिया गतिविधियों और अवैध कब्जों पर केंद्रित होगी। अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ना और उन्हें राज्य छोड़ने पर मजबूर करना। कार्रवाई पहले ही शुरू हो चुकी है। पटना और अन्य जिलों में अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाने का अभियान तेज हो गया है। मोटिहारी जैसे जिलों में 48 साल पुराने अदालती आदेशों के आधार पर बड़ी कार्रवाई हुई है। यह कदम आम जनता में सुरक्षा का एहसास जगाने वाला बताया जा रहा है।
एंटी रोमियो स्क्वाड की तैयारी
उत्तर प्रदेश की तर्ज पर बिहार में एंटी रोमियो स्क्वाड गठित किया जाएगा। यह दस्ता स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं-छात्राओं से छेड़छाड़ करने वाले ‘मनचलों’ पर तत्काल कार्रवाई करेगा। पिंक पुलिस वैन की तैनाती बढ़ाई जाएगी, जो विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा के लिए होगी। छेड़छाड़ की शिकायत पर आरोपी के साथ-साथ लापरवाह पुलिसकर्मी पर भी कार्रवाई होगी।
सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां या गाली-गलौज करने वालों पर सख्ती बरती जाएगी। महिला सुरक्षा को टॉप प्रायोरिटी दिया गया है। डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि स्कूल-कॉलेजों के बाहर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
माफिया और क्रिमिनल्स की संपत्ति जब्ती
पहले चरण में 400 कुख्यात माफिया (जिनमें लैंड माफिया, शराब माफिया, एक्सटॉर्शन गैंग और आर्म्स स्मगलर शामिल) की संपत्ति चिह्नित कर ली गई है। इनकी जब्ती की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, और दो मामलों में कोर्ट से मंजूरी मिल चुकी है। दूसरे चरण में 1200-1300 अन्य अपराधियों (क्रिमिनल्स) की लिस्ट तैयार है। कुल मिलाकर 400 माफिया + 1300 क्रिमिनल्स पर फोकस।
स्पीडी ट्रायल सुनिश्चित किया जाएगा। अपराध से कमाई गई ‘काली कमाई’ को जब्त कर राज्य सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी। खनिज माफियाओं (बालू, ईंट, पत्थर) पर भी टैक्स बकाया वसूली के लिए संपत्ति जब्ती का प्रावधान है।उदाहरण के लिए मोतिहारी जिले में 40 अपराधियों (जिनमें सियासी रसूख वाले भी) की संपत्ति जब्त करने की तैयारी चल रही है।
जेलों पर सख्त निगरानी
जेलों में कैदियों के पास मोबाइल फोन पहुंचने की जांच होगी। जेल सुधारों पर फोकस। साइबर अपराध पर सफाई साइबर क्राइम और सोशल मीडिया दुरुपयोग पर विशेष अभियान। जीरो टॉलरेंस पॉलिसी गृह मंत्री ने कहा, “अपराधी राज्य छोड़ दें, वरना संपत्ति जब्त और सजा सुनिश्चित।”
‘बुलडोजर’ और सख्त कानून व्यवस्था
यह सब नई सरकार (एनडीए) के गठन के ठीक बाद हो रहा है, जहां बीजेपी को गृह विभाग मिला है। सम्राट चौधरी ने पूर्व डीजीपी (नीलमणि, डीएन गौतम आदि) के साथ बैठक कर अपराध आंकड़ों की समीक्षा की। योगी आदित्यनाथ ने बिहार चुनाव में ‘बुलडोजर’ और सख्त कानून व्यवस्था का वादा किया था। अपराध दर घटाने और जनता का विश्वास जीतने का प्रयास। हालांकि, कुछ आलोचनाएं हैं कि एंटी रोमियो स्क्वाड पर पहले भी सवाल उठे थे, लेकिन सरकार इसे सफल बताती है।