
सरल डेस्क
भदोही। हिंदूवादी नेता और अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और प्रशासन के बीच चल रहे विवाद पर गहरी चिंता जताई है। भदोही पहुंचे तोगड़िया ने कहा कि इस तरह के टकराव से पूरा हिंदू समाज आहत और दुखी है। प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि आज जब देश और समाज को एकजुट रहने की आवश्यकता है, ऐसे समय में आपसी विवाद हिंदू समाज को कमजोर करते हैं। उन्होंने ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ का उल्लेख करते हुए कहा कि हिंदू समाज को आपसी मतभेद भुलाकर एकता के सूत्र में बंधना होगा।
उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से व्यक्तिगत रूप से पहल करने की अपील की। तोगड़िया ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी एक संत और हिंदू समाज के बड़े नेता हैं, जबकि शंकराचार्य हिंदू धर्म की सर्वोच्च आध्यात्मिक परंपरा का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में दोनों के बीच संवाद और समझ से यह विवाद आसानी से सुलझाया जा सकता है।
शंकराचार्य परंपरा का सम्मान
प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि शंकराचार्य परंपरा का सम्मान करना हर हिंदू का कर्तव्य है और प्रशासन को भी संत समाज के साथ संवेदनशीलता और सम्मानपूर्ण व्यवहार करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार का टकराव या टकराव की स्थिति हिंदू समाज की छवि और एकता को नुकसान पहुंचाती है। अंत में उन्होंने अपील की कि सभी पक्ष संयम, संवाद और सौहार्द के साथ आगे बढ़ें, ताकि हिंदू समाज में किसी भी प्रकार का विभाजन न हो और एकता बनी रहे।