
अनिल गुप्ता
नई दिल्ली
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी राजधानी दिल्ली के लक्ष्मीबाई नगर में गणेश उत्सव का आयोजन बड़े ही धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ किया गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और भक्तिमय वातावरण में गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने के लिए नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने आयोजकों और श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए गणेश उत्सव की शुभकामनाएं दीं तथा सामूहिक धार्मिक आयोजनों की सामाजिक और सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डाला।
सामाजिक एकता का अद्भुत समन्वय
मंच पर अपने संबोधन में बांसुरी स्वराज ने कहा कि “गणेश उत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह हमें सामूहिकता, सेवा और संस्कारों से जोड़ता है। लक्ष्मीबाई नगर के लोगों का यह आयोजन अनुकरणीय है, जहाँ परंपरा और सामाजिक एकता का अद्भुत समन्वय देखने को मिलता है।”
स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं ने पारंपरिक संगीत, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उत्सव के अवसर पर पूरा लक्ष्मीबाई नगर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा।