
राजस्थान डेस्क
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में सामूहिक दुष्कर्म के आरोपितों की शुक्रवार को अंबापुरा थाना इलाके के बाजार में एसपी सुधीर जोशी के निर्देश और डीएसपी गोपीचंद मीणा की अगुवाई में परेड निकाली गई। आरोपितों के हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर लिखा था- ‘हम बलात्कारी हैं, हमें माफ कर दो, हमसे गलती हो गई।’ बाजार में निकाली गई इस परेड का उद्देश्य ना केवल अपराधियों के मन में कानून का खौफ पैदा करना था, बल्कि जनता में सुरक्षा का भाव भी जागृत करना था।
दो नाबालिगों को हिरासत में लिया
मालूम हो कि 21 दिसंबर की रात आठ आरोपितों ने बाइक पर जा रही महिला को रोका और उसके जीजा को मारपीट कर भगा दिया। इसके बाद रातभर महिला के साथ बलात्कार किया। 22 दिसंबर को पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया। इस मामले में दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया था। डीएसपी ने बताया कि सामूहिक दुष्कर्म की वारदात में शामिल आठवें आरोपित को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया गया।
इस मामले के सभी मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महिलाओं के खिलाफ किसी भी प्रकार के अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।