नई दिल्ली, 1 जनवरी, 2025- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री देवेन्द्र यादव ने कहा कि अरविन्द केजरीवाल ने आर.एस.एस. मुखिया मोहन भागवत को पत्र लिखकर जिन मुद्दों को उठाया है कि भाजपा वोट खरीदने के लिए लोगों को पैसे बांट रही है, ऐसा करना लोकतंत्र की हत्या है। भाजपा लगातार लोकतंत्र को कमजोर करने का काम कर रही है लेकिन अरविन्द केजरीवाल स्वयं भी भाजपा की पुनरावृति पर वही काम कर रहे है। श्री यादव ने कहा कि केजरीवाल अपनी गिरेबान में झांके कि उनके वादे करने और उनको क्रियान्वित करने में कितना अंतर है। केजरीवाल दिल्ली की ढाई करोड़ जनता को धोखा देने के साथ बरगला भी रहे है। केजरीवाल की घोषणाओं की वैधता पर आम आदमी पार्टी की सरकार ही प्रश्न चिन्ह लगा रही है।

श्री देवेन्द्र यादव ने कहा कि 2013 के बाद से आज तक अरविन्द केजरीवाल ने दिल्ली की जनता से सिर्फ वादे किए है और चुनावों में मुख्य मुद्दों को छोड़ लोगों का ध्यान भ्रमित करने के वाले बयान देना उनकी शैली बन चुका है। उन्होंने कहा कि जब भाजपा और आरएसएस एक ही कड़ी की दो संस्थाएं है। भाजपा के खिलाफ आरएसएस प्रमुख को पत्र लिखना अरविन्द केजरीवाल अपनी राजनीति चमकाने के लिए कर रहे है।यह पहला मौका नही है इससे पहले भी 25 सितम्बर 2024 को केजरीवाल ने मोहन भागवत को पत्र लिखा था। मैं कहना चाहता हूॅ कि हर काम को इवेंट बनाना, पब्लिसिटी पाना और झूठ बोलना अरविन्द केजरीवाल के डीएनए में है।
श्री देवेन्द्र यादव ने कहा कि पूर्वांचल, दलित, झुग्गी वालों या किसी विशेष वर्ग का वोट काटना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है, जिसका अरविन्द केजरीवाल भाजपा पर आरोप लगा रहे है परंतु अनैतिक तरीके से वोट काटने या बनाने का काम तो आम आदमी पार्टी भी कर रही जिसका खुलासा पिछले दिनों हुआ है। उन्होंने कहा कि दिल्ली वालों के हितों का हरण करने में भाजपा और आम आदमी पार्टी कोई भी पीछे नही है। दोनो एक ही सिक्के के दो पहलू है, जो बदहाल दिल्ली और बर्बाद दिल्लीवासियों के विकास, अधिकारों और कल्याण की बात करने की जगह धर्म, जाति विशेष, ग्रंथी, पुजारी, वोट काटने अथवा अनैतिक वोट बनाने जैसी बयानबाजी करके दिल्ली की जनता का ध्यान बेरोजगारी, महंगाई, बदहाल शिक्षा व स्वास्थ्य व्यवस्था सहित क्रटूटी सड़कों, भरी हुई नालियों, प्रदूषण मुक्त वातावरण व स्वच्छ यमुना व टूटी तक पीने के पानी पहुॅचने जैसे मुख्य मुद्दों से भटका रही हैं।
श्री देवेन्द्र यादव ने कहा कि लोकतंत्र को कमजोर बनाने की बात करने वाले अरविन्द केजरीवाल बताएं कि उन्होंने कभी लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन किया है। मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने अपनी शक्तियों का दुरुपयोग करके अपनी, अपनी पार्टी और नेताओं की खुशहाली के लिए जो भ्रष्टाचार किए वो जनता के सामने है। उनके मुख्यमंत्री रहते हुए और उनके मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद अभी तक केग की 11 विभागों की रिपोर्ट को विधानसभा पटल पर क्यों नही रखा गया? उन्होंने कहा कि केजरीवाल मोदी जी की राह पर चलकर वर्तमान छोड़ भविष्य की बात करने वाले नेता है। क्योंकि वर्तमान में योजनाओं की घोषणा करके भविष्य में उन्हें भूलने की शैली उनकी परम्परा बन चुकी है, यही कारण रहा कि पिछले 11 वर्षों में किए गया कोई भी वादा उन्होंने दिल्ली की जनता के हित में पूरा नही किया।