
दिल्ली डेस्क
नई दिल्ली। हथिनीकुंड बैराज से तीन लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद राजधानी दिल्ली में बाढ़ की आशंका को लेकर सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को भरोसा दिलाया कि फिलहाल दिल्लीवासियों को घबराने की ज़रूरत नहीं है।
सीएम गुप्ता ने कहा, “हमारी इतनी तैयारी है कि जितना पानी पीछे से आएगा, वह आसानी से निकल जाएगा। यह पिछले छह महीनों में हुई बेहतरीन डिसिल्टिंग का परिणाम है। नालों में जो भी रुकावटें थीं, उन्हें दूर कर दिया गया है। बैराज के सभी गेट खुले हैं और पानी के बहाव में कहीं कोई बाधा नहीं है।”
उन्होंने स्वीकार किया कि “यमुना बाढ़ क्षेत्र में पानी पहुँच सकता है, जिससे वहाँ रह रहे लोगों को परेशानी हो सकती है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि बाढ़ का पानी यमुना के मैदानों से बाहर नहीं जाएगा। “मैं दिल्ली के लोगों को भरोसा दिलाती हूं कि वे बेफिक्र रहें। हम पूरी तरह सतर्क हैं और हर घंटे स्थिति की रिपोर्ट ले रहे हैं,” सीएम ने कहा।
फिलहाल यमुना का जलस्तर 205.6 मीटर दर्ज किया गया है। वर्ष 2023 की बाढ़ के दौरान यह स्तर 208.66 मीटर तक पहुँच गया था। मुख्यमंत्री गुप्ता का मानना है कि यदि इस बार जलस्तर 207 मीटर या उससे ऊपर भी जाता है, तो भी दिल्ली किसी बड़े खतरे में नहीं होगी।