
अनिल गुप्ता
नई दिल्ली
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने सेवा पर्व के अंतर्गत “विकसित भारत के रंग, कला के संग” विषय पर आयोजित एक भव्य कला महोत्सव में विश्व रिकॉर्ड कायम किया। इस आयोजन में देशभर से आए 35,000 से अधिक कलाकारों और छात्रों ने मिलकर 10 किलोमीटर लंबी लाइव कैनवास पेंटिंग बनाई। कार्यक्रम का आयोजन त्रिवेणी कला संगम और दिल्ली विश्वविद्यालय के सहयोग से नई दिल्ली के कर्तव्य पथ लॉन में हुआ।
इस ऐतिहासिक आयोजन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेंन रिजिजू, केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा, सांसद बांसुरी स्वराज और मनोज तिवारी, एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्रा, उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल, सदस्य अनिल वाल्मीकि, सरिता तोमर और दिनेश प्रताप सिंह, तथा सचिव तारिक थॉमस उपस्थित रहे।

नेताओं ने दी शुभकामनाएँ
केंद्रीय मंत्री किरेंन रिजिजू ने इसे युवाओं की अद्भुत ऊर्जा और रचनात्मकता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि “सेवा पर्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर यह आयोजन एक अनूठा कलात्मक उपहार है।”
संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि “यह केवल एक कीर्तिमान नहीं, बल्कि भविष्य के संकल्प को सुदृढ़ करने का प्रयास है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसे पूरे देश की एकता और प्रधानमंत्री के जन्मदिन को यादगार बनाने वाला आयोजन बताया।”
संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने टीम एनडीएमसी की सराहना की। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि “यह आयोजन युवाओं की रचनात्मक सोच और राजधानी में एक अद्भुत संगम का प्रतीक है।”
नया विश्व रिकॉर्ड रच !
एनडीएमसी उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने जानकारी दी कि इस आयोजन ने “एक ही पेंटिंग में सबसे अधिक कलाकारों के योगदान” का पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले 2014 में पनामा में 5,084 कलाकारों ने ऐसा रिकॉर्ड बनाया था। नई दिल्ली में 35,000 प्रतिभागियों की भागीदारी ने नया विश्व रिकॉर्ड रच दिया।

कलाकारों की भागीदारी
इस कला महोत्सव में पद्मश्री और पद्म विभूषण से सम्मानित कई प्रतिष्ठित कलाकारों ने भी भाग लिया, जिनमें जतिन दास (दिल्ली), बिमान बी. बास (दिल्ली), अद्वैत गडनायक (ओडिशा), जय प्रकाश (दिल्ली), राम किशन छिपा (राजस्थान), शांति देवी (बिहार), परेश राठवा (गुजरात), कल्याण जोशी (राजस्थान) आदि शामिल रहे। मंच पर इन कलाकारों को कला के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया।
एनडीएमसी की यह पहल “सेवा पर्व” के अंतर्गत प्रधानमंत्री मोदी के 75वें जन्मवर्ष को समर्पित रही, जिसकी थीम “सेवा ही संकल्प है, भारत प्रथम प्रेरणा है” रखी गई है।