
भुवनेश्वर। ओडिशा के इतिहास में पहली बार राज्य विधानसभा का शीतकालीन सत्र राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण के साथ 27 नवंबर से शुरू होगा। यह पहला अवसर होगा जब कोई राष्ट्रपति ओडिशा विधानसभा के सदस्यों को संबोधित करेगी।
राष्ट्रपति मुर्मु भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर आगमन के बाद सीधे राजभवन जाएंगी, जहां थोड़े समय के विश्राम के बाद वे शाम 4:20 बजे विधानसभा पहुंचेंगी। उनका अभिभाषण शाम 4:30 बजे निर्धारित है।
विधानसभा की अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इस ऐतिहासिक क्षण के दौरान राज्यपाल डॉ. हरिबाबू कम्भमपति, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, विपक्ष के नेता तथा सभी विधायक उपस्थित रहेंगे।
राष्ट्रपति मुर्मु ने नौ वर्षों तक विधायक और राज्य सरकार में मंत्री के रूप में कार्य किया है। राज्य की राजनीति से देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक उनका सफर कई लोगों के लिए प्रेरणास्रोत माना जाता है।